कैथल। पंजाब के खनौरी के पास बनारसी गांव निवासी एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष के दबाव में आकर जहर पी लिया। उसकी शिकायत पर बनारसी गांव निवासी पति राममेहर, ससुर बृजलाल, सास मूर्ति देवी और ननद सुशीला के खिलाफ शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विवाहिता का इलाज वर्तमान में निजी अस्पताल में चल रहा है।
विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 7 दिसंबर 2020 को राममेहर के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उसके परिवार ने समय-समय पर ससुराल पक्ष को सोने के आभूषण भी दिए। विवाहिता का आरोप है कि लगभग दो साल पहले उसकी सास ने उसे जबरदस्ती कोई पदार्थ पिलाया था, और उसके पति ने उस समय कोई कार्रवाई नहीं की। उसके पति को गंभीर बीमारी थी, लेकिन शादी के समय यह जानकारी उसे नहीं दी गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि सास और ससुर उसके ऊपर नियंत्रण रखने के लिए तांत्रिक क्रियाओं का सहारा लेते थे। विवाहिता का कहना है कि गत 10 दिसंबर को आरोपियों ने उसे फोन कर कहा कि वे तलाक दे रहे हैं और शहर के एक पार्क में बुलाया। विवाहिता के अनुसार उसके पति ने कहा कि या तो तलाक स्वीकार करो या जहर पी लो।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गीता ने कहा कि बयान दर्ज कर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी गई है।