खुर्जा। न्यायालय में लिपिक पद पर नौकर लगवाने के नाम पर 80 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी से की थी। वहीं, एसएसपी के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कनैनी वेदराम गांव निवासी अंजलि कुमारी ने बताया कि बबलू सक्सेना, उनकी पत्नी बरखा सक्सेना और बेटे लकी सक्सेना ने जिला न्यायालय में लिपिक पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर जुलाई 2025 में उनसे 80,000 रुपये लिए। आरोप है कि बबलू सक्सेना और उनके परिवार के लोग न्यूज पेपर और टीवी चैनल की आड़ में गरीब और बेसहारा लोगों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूलते हैं। उन्होंने जिला न्यायालय का फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया है, जिस पर मोहर भी लगी हुई थी। जब पीड़िता उस पत्र लेकर न्यायालय पहुंची तो उनको ठगी का एहसास हुआ। अब आरोपी उनके रुपये देने से भी इन्कार कर रहे हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।