गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के एक फरार आरोपी को दो साल बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी बिरादर मरांडी पर एक महिला का अपहरण कर दुष्कर्म करने और उसे बेचने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देशी कट्टा भी बरामद किया है।
ललमटिया थाना पुलिस को बीती रात करीब 9:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि दुष्कर्म का आरोपी ललमटिया के सिद्धू कान्हु डकैता चौक के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी बिरादर मरांडी को धर दबोचा। उसकी पहचान गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र स्थित बाबूपुर गांव निवासी के रूप में हुई है।
अभियुक्त बिरादर मरांडी पर आरोप है कि 2023 में उसने ललमटिया थाना क्षेत्र के डुमरकोल से एक महिला का अपहरण किया और उसके साथ साहिबगंज में दुष्कर्म किया। दिल्ली में इसे बेच दिया। इसके बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की और महिला को बरामद किया गया था। हालांकि अभियुक्त बिरादर मरांडी पिछले 2 सालों से फरार चल रहा था।
लगातार खोजबीन के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान और उसकी निशानदेही पर बाबूपुर स्थित सन्नी हांसदा के एक टूटे-फूटे मकान से एक लोहे का देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने इसे विधिवत जब्त कर लिया है। बरामदगी के संबंध में ललमटिया थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ललमटिया थाना प्रभारी ने बताया कि 2023 में बिरादर मरांडी ने डुमरकोल से एक महिला को बाथरूम जाने के दौरान अगवा किया था। उसने साहिबगंज में महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे बेच दिया था। इस मामले में पहले से शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था और घटना के तुरंत बाद महिला को भी बरामद कर लिया गया था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.