मध्य प्रदेश के मंडला जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने ढाई साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बच्ची के खून के छींटे पास के स्कूल की दीवार तक पहुंच गए और उसका शव सड़क पर बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में पड़ा रहा।
मृत बच्ची की पहचान आकृति यादव के रूप में हुई है, जो ग्राम बम्होरी की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, आकृति अपनी मां श्रृष्टि यादव के साथ आंगनवाड़ी केंद्र से घर लौट रही थी। श्रृष्टि यादव करीब पांच महीने से आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं। उस समय उनकी गोद में चार महीने की छोटी बेटी थी, जबकि आकृति उनका हाथ पकड़कर पैदल चल रही थी।
घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार से आ रहा डंपर अचानक बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मां और परिजन मौके पर चीख-चीखकर रोते नजर आए, जबकि कुछ लोग सड़क पर फैले खून को पानी से धोते दिखाई दिए।
घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया।
इससे गुस्साए ग्रामीणों ने बाइक और ट्रैक्टर से करीब 7 किलोमीटर तक पीछा कर तिंदनी टोल प्लाजा के पास डंपर को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
ये भी पढ़ें- Simhastha Mahakumbh 2028: किन्नर अखाड़ा की उज्जैन में बड़ी बैठक, आधिपत्य को लेकर तकरार; चर्चा में आया ये बयान
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पुलिस अधिकारी सोनल सिडाम, पीयूष मिश्रा और शफीक खान सहित पुलिस बल पहुंचा और समझाइश के बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और डंपर भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.