महोबा। शहर के मोहल्ला भटीपुरा से एक सप्ताह पहले गायब हुआ किशोर सकुशल मिल गया। ऑनलाइन गेम की लत के चलते घर से नकदी और जेवर चुराने के बाद वह गायब हुआ था। पुलिस ने किशोर को गेम खेलने के लिए रुपये उधार देने वाले लोगों के बारे में जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला भटीपुरा निवासी प्रेमचंद्र साहू ने 17 दिसंबर को शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उसका नाबालिग बेटा गायब हो गया है। उसने मोहल्ले के ही युवक पर अपहरण का आरोप भी लगाया था। प्रेमचंद्र के घर से करीब 40 हजार रुपये की नकदी व तीन लाख रुपये के जेवर भी गायब थे। इसी बीच किशोर के बारे में परिजनों को जानकारी लगी तो वे उसे गुरुग्राम से वापस लेकर महोबा आए और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस की पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसे ऑनलाइन गेम की लत लग गई है। इस गेम को खेलने के लिए उसने कुछ लोगों से रुपये उधार लिए थे। जब रुपये चुकाने का दबाव बढ़ा तो उसने चोरी की योजना बनाई। चुराई गई नकदी में कुछ राशि मोहल्ले के एक युवक को दी जबकि कुछ जेवरात उसने कानपुर में बेच दिए। इसके बाद वह अपने साथी के साथ गुरुग्राम चला गया था। पुलिस अब किशोर को ऑनलाइन गेम के लिए रुपये उधार देने वाले लोगों के बारे में जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.