सागर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के एक निजी होटल में छत्तीसगढ़ की महिला के साथ गलत हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने सेना के एक रिटायर्ड जवान शंभू सुमन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ की रहने वाली 42 वर्षीय तलाकशुदा महिला की जान-पहचान शादी कराने वाली एक वेबसाइट के माध्यम से सागर के मकरोनिया निवासी रिटायर्ड सैनिक शंभू सुमन से हुई। शिकायत में महिला ने बताया कि ऑनलाइन हुई बातचीत के बाद आरोपी ने उससे दोस्ती बढ़ाई और शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने महिला को यह भी बताया कि उसकी पत्नी का देहांत हो चुका है और वह दोबारा शादी करना चाहता है।
महिला का आरोप है कि इसी विश्वास के चलते वह बीते दिनों सागर आई, जहां आरोपी ने उसे एक निजी होटल में ठहराया। वहीं होटल में आरोपी ने उसके साथ नाजायज हरकत की। महिला का कहना है कि वह शादी के वादे पर भरोसा कर आरोपी से मिलने आई थी, लेकिन घटना के बाद आरोपी ने कथित रूप से शादी से इनकार कर दिया। उसके बर्ताव पर संदेह होने पर महिला तुरंत थाना सिविल लाइन पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें- किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस ने सरकार पर किया प्रहार, चिड़िया चुग गई खेत की झांकी के साथ पहुंचे विधायक
पुलिस ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ गंदा काम और विश्वासघात करने के प्रकरण में मामला पंजीबद्ध कर लिया है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और होटल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला शादी के नाम पर झांसे में लेकर गलत हरकत करने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी। वहीं, पीड़िता को सुरक्षा और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। यह मामला ऑनलाइन संबंधों और शादी की वेबसाइटों पर बनने वाली जान-पहचान के जोखिमों को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.