गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत विरामचक के पास देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक मेहरमा थाना क्षेत्र के सुड़नी इलाके से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान विरामचक के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर पड़ी। हादसा इतना भीषण था कि चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
विरामचक के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर पड़ी।
लोगों एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस और स्वास्थ्य कर्मियों को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया। घायल साथी की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसे तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहरमा के चिकित्सक डॉ. जॉन्टी राजा ने बताया कि बाइक चालक भैया बास्की (31) को मृत घोषित किया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल की पहचान हेमलाल बास्की के रूप में हुई है। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल गोड्डा भेजा गया है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को गोड्डा रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक का असंतुलित होना सामने आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.