खजुराहो रेलवे स्टेशन पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। मानसिक इलाज के बाद घर लौट रहे एक अर्द्धविक्षिप्त युवक की चलती ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील अनुरागी (28 वर्ष), पुत्र जोरा अनुरागी, निवासी डुमरा थाना महराजपुर, जिला छतरपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील अनुरागी ग्वालियर में मानसिक उपचार कराने के बाद ट्रेन से वापस लौट रहे थे। वे खजुराहो रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। स्टेशन परिसर से बाहर निकलते समय किसी अनजाने कारण से वे चलती ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन से कटने के कारण उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
जब सुनील काफी देर तक घर नहीं पहुंचे, तो उनकी पत्नी हीरा अनुरागी चिंतित होकर उनकी तलाश में रेलवे स्टेशन पहुंचीं। आउटर सिग्नल के पास रेल पटरी पर पति का शव पड़ा देख वे बदहवास हो गईं। उन्होंने तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी।
पढ़ें: गढ़ाकोटा में नाले से मिला मानव नरकंकाल, इलाके में मचा हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर आरपीएफ ने जीआरपी को अवगत कराया। जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह घटना दुर्घटना प्रतीत हो रही है। पुलिस के अनुसार मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और संभवतः अनजाने में रेलवे ट्रैक पर चले गए होंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.