छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड स्थित मणिकंचन केंद्र में भीषण आग लग गई। इस घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को करीब चार घंटे का समय लगा।
मणिकंचन केंद्र से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग का धुआं कई फीट ऊंचाई तक फैल गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने धुएं के गुबार को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
स्वच्छता दीदियों के कचरा अलग करने के बाद हुई घटना
बताया जा रहा है कि मगरलोड के इस मणिकंचन केंद्र में स्वच्छता दीदियों द्वारा रोजाना की तरह सूखा और गीला कचरा अलग-अलग करके रखा गया था। कचरा रखने के बाद वे घर चली गई थीं। इसके बाद अचानक केंद्र में आग लग गई।

चार घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
आग की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल की गाड़ियां तीन बार पानी भरकर मौके पर पहुंचीं और लगातार आग बुझाने का प्रयास किया। मगरलोड पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को आग से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग चार घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
इस आगजनी में मणिकंचन केंद्र में रखा सूखा और गीला कचरा जलकर राख हो गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, आग लगने का स्पष्ट कारण और कुल कितने का नुकसान हुआ है, यह अभी तक ज्ञात नहीं हो पाया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.