पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के बड़की टेंगरैला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और शव के गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बुधवार को नौबतपुर थाने में आवेदन दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान बड़की टेंगरैला निवासी सुजीत कुमार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। नेहा का मायका जहानाबाद जिले के पाली थाना क्षेत्र के सैदाबाद गांव में है। उसकी शादी वर्ष 2024 में बड़की टेंगरैला निवासी बिगन मांझी के पुत्र सुजीत कुमार से हुई थी।
मृतका की मां लैलून देवी ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें नेहा के ससुराल से फोन आया था। फोन करने वाले ने बताया कि नेहा ने फांसी लगा ली है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिजन बड़की टेंगरैला पहुंचे, लेकिन घर पर ताला लगा हुआ मिला।
पढे़ं: दरभंगा में मां-बेटा पांच दिन से गायब, खरीदारी करने गईं थीं; पति ने अपहरण का लगाया आरोप
परिजनों ने जब आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की तो कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने नेहा को पंखे से लटका हुआ देखा था। हालांकि इसके बाद क्या हुआ, इसकी किसी को स्पष्ट जानकारी नहीं है। मृतका की मां का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या कर उसका शव गायब कर दिया गया है।
लैलून देवी ने यह भी बताया कि उनकी बेटी गर्भवती थी। घटना के बाद उन्होंने नौबतपुर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। इस संबंध में नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत ठाकुर ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.