अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक राहुल गांधी से मिलने की मांग को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे जियो मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर के नीचे एक लिखित नोट चिपकाकर 34 घंटे के भीतर मुलाकात न होने पर कूदकर जान देने की चेतावनी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया और घंटों की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार खंगालपुर निवासी लक्ष्मीनारायण लोधी रविवार दोपहर करीब 2 बजे टावर पर चढ़ गया। वह अपने साथ तिरंगा झंडा भी ले गया था, जिसे उसने टावर के शीर्ष पर बांध दिया। टावर के नीचे चिपकाए गए नोट में युवक ने उल्लेख किया कि उसके परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से बीमार हैं और वह अपनी समस्याओं के समाधान के लिए राहुल गांधी से मिलना चाहता है। उसने दावा किया कि उसके दादा स्वतंत्रता सेनानी थे और उनके परिवार के गांधी परिवार से तीन पीढ़ियों से संबंध रहे हैं।
युवक ने नोट में यह भी लिखा कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के निधन के बाद से उनका संपर्क टूट गया। उसने कई बार राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मिलने का प्रयास किया, लेकिन उसे अवसर नहीं मिला, जिससे वह मानसिक रूप से आहत और निराश है। इसी हताशा में उसने यह कदम उठाया।
पढ़ें: करीब 300 वर्षों से इंदौर के राजवाड़ा के सम्मुख हो रहा होलिका दहन, पहले थी राजसी परंपरा; अब सरकारी
घटना के दौरान गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पहले युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं माना तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने करीब चार घंटे तक लगातार समझाइश और बातचीत की। प्रशासन ने युवक को उसकी मांगों पर उचित माध्यम से विचार कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह शाम को सुरक्षित नीचे उतर आया।
उल्लेखनीय है कि उसी दिन अशोकनगर जिले में मुख्यमंत्री मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला का कार्यक्रम भी था, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही सतर्क थी। ऐसे में यह घटना प्रशासन के लिए अतिरिक्त चिंता का विषय बन गई। फिलहाल पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर उससे पूछताछ की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए कानून और संवाद का रास्ता अपनाएं, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.