दक्षिण दिल्ली के आया नगर में डेयरी मालिक रतन लोहिया (52) की सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कमल का लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर दिया है। आरोपी कमल के विदेश भागने की आशंका देखते हुए एयरपोर्ट पर चौकसी बढ़ा दी गई है। दक्षिण जिला पुलिस की जांच ग्रेटर नोएडा तक पहुंच गई है। हालांकि बताया जा रहा है कि वह अभी भारत में ही है। हत्यांकांड को कमल ने अपने एक साथी और तीन शूटरों के साथ अंजाम दिया।
दक्षिण जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रणदीप भाटी गिरोह के फरीदाबाद के तिगांव निवासी कमल ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। धारा गांव के अपने रिश्तेदार के नाम पंजीकृत कार से वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कमल के साथ रणदीप भाटी गैंग के तीन शूटर और एक कमल के गांव का व्यक्ति था। कमल ने अपने भांजे अरुण की हत्या का बदला लेने के लिए हत्यारोपी दीपक के पिता रतन की हत्या करवाई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रणदीप भाटी गिरोह के तीन शूटर वारदात में शामिल थे, जिनमें एक गाजियाबाद की तरफ का रहने वाला है और उसकी पहचान कर ली गई है।
क्या हैं लुक-आउट सर्कुलर
लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) एक कानूनी साधन है। किसी व्यक्ति के खिलाफ जब एलओसी जारी की जाती है तो उसे देश के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं जैसे हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर प्रसारित किया जाता है। इससे सुनिश्चित होता है कि आव्रजन अधिकारियों को तुरंत सूचित किया जा सके ताकि वे उस व्यक्ति को देश छोड़ने की कोशिश करने पर हिरासत में लेने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर सकें।