भागलपुर रेलवे स्टेशन पर बिक्रमशिला एक्सप्रेस के पास खड़े श्रद्धालु।
नए साल के मौके पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य शनिवार को भागलपुर रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जब माता वैष्णो देवी के पावन दरबार के लिए श्रद्धालुओं का विशाल जत्था रवाना हुआ। जय माता दी सेवा समिति के बैनर तले लगातार 44वें वर्ष आयोजित इस यात्रा मे
श्रद्धालु बिक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन से जम्मू के लिए रवाना हुए। जैसे ही ट्रेन के प्रस्थान का समय नजदीक आया, पूरा स्टेशन परिसर माता के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। भगवा झंडों से सजा स्टेशन, ढोल-नगाड़ों की थाप और जय माता दी के नारों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। यात्रा में शामिल महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवा सभी श्रद्धालु उत्साह और श्रद्धा से ओत-प्रोत नजर आए।
भागलपुर स्टेशन पर लोगों की भीड़।
समिति के सदस्य बोले- 4 दशकों से आयोजित की जा रही यात्रा
श्रद्धालुओं के हाथों में नारियल, फूल, माता की चुनरी और पूजा सामग्री देखी गई। कई श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए माता के दरबार तक सकुशल यात्रा और मनोकामना पूर्ति की कामना कर रहे थे। समिति के सदस्यों ने बताया कि यह यात्रा पिछले चार दशकों से लगातार आयोजित की जा रही है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है।
श्रद्धालुओं ने ट्रेन को भी फूलों, झंडियों और धार्मिक प्रतीकों से सजाया, जिससे बिक्रमशिला एक्सप्रेस आस्था की चलती-फिरती झांकी में तब्दील हो गई। ट्रेन के डिब्बों में भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा और श्रद्धालु झूमते-गाते हुए माता वैष्णो देवी के पावन धाम की ओर रवाना हुए।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु मृणाल शेखर ने बताया कि नववर्ष की शुरुआत माता के दर्शन से करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। वहीं श्रद्धालु विजय शाह ने कहा कि माता की कृपा से हर वर्ष यह यात्रा सफल होती है और सभी श्रद्धालु सुरक्षित दर्शन कर लौटते हैं।