देवास में आम लोगों को प्रलोभन देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाए जाते थे। इसके बाद उनसे पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम लेकर आरोपी युवक को बेच दिए जाते थे। यह युवक ऑनलाइन एप्लिकेशन के माध्यम से डिजिटल करेंसी खरीदकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साइबर ठगों को बेच देता था। आरोपियों के गिरोह ने जानबूझकर बैंक ऑफ महाराष्ट्र और यूको बैंक में खाते खुलवाए थे, क्योंकि इन बैंकों में प्रतिदिन की निकासी सीमा अन्य बैंकों की तुलना में अधिक है।
इसी प्रकार के झांसे में फंसे एक युवक ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित कर कार्रवाई की और 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस पूरे प्रकरण का खुलासा पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता के माध्यम से किया।
ये भी पढ़ें- तानसेन समारोह: उस्ताद अमजद अली खान का छलका दर्द, बोले- अच्छा या बुरा.. ग्वालियर का हूं, 12 साल बाद मौका दिया
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने बताया कि फरियादी रवि पिता अशोक चौहान, निवासी भवानी सागर हाल मुकाम इटावा, ने आवेदन देकर शिकायत की थी कि उसके नाम से खुले बैंक खातों, एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी की गई है। शिकायत पर कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में साइबर सेल के साथ पुलिस टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि साइबर ठग मामूली रकम का लालच देकर लोगों के बैंक खातों का उपयोग देशभर में की गई साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए करते थे। अब तक 78 बैंक खातों की जानकारी सामने आई है, जिनमें करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ। एनसीआरपी पोर्टल पर अन्य राज्यों से भी इन खातों से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं। जांच में 7.5 करोड़ रुपये की राशि का आंशिक हिस्सा प्राप्त हुआ है।
इस तरह करते थे वारदात
आरोपी इरशाद और आसिम लोगों को प्रलोभन देकर यूको बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खाते खुलवाते थे। इसके बाद खाताधारकों से पासबुक, एटीएम और सिम लेकर उन्हें आरोपी अकबर और हर्ष को बेच देते थे। अकबर और हर्ष एप्लिकेशन के जरिए डिजिटल करेंसी खरीदते और उसे टेलीग्राम के माध्यम से साइबर ठगों को महंगे दामों पर बेचते थे। ठगी की रकम इन खातों में ट्रांसफर कर तुरंत नकद निकाल ली जाती थी। पुलिस ने कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें खाता खुलवाने, बेचने और ठगी की रकम के लेन-देन में शामिल आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की 5 किट, यूको बैंक की 1 किट, 2 सिम कार्ड और 78 बैंक खाते जब्त किए हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.