शहडोल के बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की एमबीबीएस की फाइनल ईयर की छात्रा ने रविवार तड़के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या का कारण मानसिक तनाव माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मेडिकल कॉलेज शहडोल में अध्ययनरत 25 वर्षीय छात्रा शिखा बैगा, पिता सोहनलाल बैगा की मौत फांसी लगाने से हुई है। रविवार सुबह जब उसकी बहन कमरे में पहुंची तो शिखा को फांसी के फंदे पर लटकता हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने छात्रा के कमरे से मोबाइल और टैबलेट जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि छात्रा ने अपने ही नंबर पर एक संदेश टाइप किया था, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए अगले जन्म में भी उन्हें माता-पिता बनाने की बात लिखी है। संदेश में पढ़ाई को लेकर मानसिक उलझन और तनाव का उल्लेख भी है। पुलिस इन्हीं तथ्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
पढे़ं: पॉक्सो केस से परेशान एमएनसी कर्मचारी ने ग्वालियर में जहर खाकर की आत्महत्या, चाचा के घर दी जान
बताया गया कि शिखा मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती थी। रविवार को अवकाश होने के कारण वह शनिवार दोपहर पिता के साथ घर आई थी। इससे पहले करीब दो माह पूर्व कॉलेज में भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया था। उस समय रूममेट्स की सूचना पर कॉलेज प्रबंधन ने हस्तक्षेप कर उसकी काउंसलिंग कराई थी और परिजनों को भी अवगत कराया था। शिखा के पिता सोहनलाल बैगा रेलवे में लोको पायलट के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पांच बेटियां हैं, जिनमें शिखा दूसरे नंबर की थी।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर गिरीश बी रामटेक से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की छात्रा अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। इसकी खबर मिली है, जो बहुत ही दुखद है, छात्रा ने हॉस्टल में आत्महत्या का प्रयास पहले भी किया था, जिसकी काउंसलिंग और उपचार कराया जा रहा था, लेकिन यह मालूम नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा लेगी।
कोतवाली थाने में पदस्थ उप निरीक्षक उपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम को भेजा गया है, टीम जांच कर रही है। आत्महत्या का कारण अभी अज्ञात है। मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। छात्रा ने अपने मोबाइल पर कुछ मैसेज टाइप कर रखे हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.