उज्जैन जिले के कृषि विभाग में पदस्थ एक कर्मचारी धार जिले के मनावर क्षेत्र से लापता हो गया है। वह प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बाद शुक्रवार को मनावर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान 20 वर्षीय कृष्णा चौहान के रूप में हुई है, जो मनावर के गुजरी इमलीपुरा क्षेत्र का निवासी है। कृष्णा उज्जैन के कृषि विभाग में बाबू के पद पर कार्यरत है।
कृष्णा की बहन छाया चौहान ने बताया कि उनके पिता सीताराम चौहान के निधन के बाद कृष्णा को अनुकंपा नियुक्ति के तहत उज्जैन कृषि विभाग में नौकरी मिली थी। कृष्णा 11 मार्च की रात उज्जैन से मनावर स्थित अपने घर आया था।
परीक्षा देने निकला, फिर नहीं लौटा
परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे कृष्णा विद्योदय विद्यालय में प्रैक्टिकल परीक्षा देने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने बताया कि कृष्णा अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर गया था। जब वह देर शाम तक वापस नहीं आया तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।
ये भी पढ़ें- LPG Crisis: सराफा की रंगत पर पड़ने लगा है गैस संकट का असर, भुट्टे का किस और गराडू हुए ठंडे
रिश्तेदारों के यहां भी की तलाश
परिवार के सदस्यों ने उज्जैन, खरगोन सहित अन्य स्थानों पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी उसकी खोजबीन की। दोस्तों से भी संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। कृष्णा अपने सात भाई-बहनों में सबसे छोटा है।
दो दिनों तक तलाश करने के बाद परिजनों ने मनावर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.