अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित जिला पंचायत सभागार में बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। अपर मुख्य अधिकारी ज्योति कुमार दीक्षित ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसकी सदन ने पुष्टि की। जिला पंचायत अध्यक्ष की अनुमति के बाद जनसुनवाई और अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
अपर मुख्य अधिकारी ने वर्ष 2025-26 का पुनरीक्षित बजट 65.58 करोड़ और वर्ष 2026-27 का मूल बजट 51.67 करोड़ सदन में प्रस्तुत किया। जानकारी दी गई कि वर्ष 2025-26 में कुल प्राप्तियां 65.58 करोड़ रुपये रहीं, जबकि विभिन्न विकास कार्यों, निर्माण और प्रशासनिक मदों में व्यय 58.70 करोड़ रुपये दर्ज हुआ।
वर्ष 2026-27 में कुल 51.67 करोड़ रुपये बजट का प्रावधान रखा गया है। जिसे मंजूरी दी गई। बजट ग्रामीण विकास, परिसंपत्तियों के रखरखाव और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर केंद्रित रहेगा। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला पंचायत विकास योजना को भी स्वीकृति मिली। सदस्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों के साथ विकास प्रस्तावों पर चर्चा की। बैठक में जिला पंचायत सदस्य और जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.