सोनपुर पहुंचे बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद कई कार्यक्रमों में शिरकत की। वैशाली जिला क्षेत्र में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरिहरनाथ बाबा का यह प्राचीन मंदिर पूरे देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। उन्होंने बताया कि वे लगभग 10 दिन पहले भी यहां पूजा-अर्चना करने आए थे। सोनपुर का स्थान धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar Police: पटना में रामकृष्ण नगर थानाध्यक्ष की मौत, अचानक सीने में दर्द हुआ, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सोनपुर मेला का आयोजन राज्य सरकार द्वारा कराया जाता है और यह मेला आम लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। सरकार के विभिन्न विभाग मेले में प्रदर्शनी लगाकर बिहार में हुए विकास और अपने प्रदर्शन को जनता के सामने रखते हैं। खान-पान, मनोरंजन और विभिन्न व्यंजनों की समुचित व्यवस्था भी मेले में रहती है, जिससे लोगों का अनुभव काफी अच्छा होता है। उन्होंने यह भी बताया कि हरिहरनाथ मंदिर का विस्तार करने पर सरकार विचार कर रही है, और आने वाले समय में यह मंदिर और अधिक भव्य रूप ले सकता है।
इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट कैंसिल होने के सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से काम कर रही है और बहुत जल्द इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।