बिहार के इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज यानी 30 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 की सुबह तक पटना, गया, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, किशनगंज, कैमूर, जमुई सहित पूरे बिहार में कोल्ड डे और घना कुहासा रहने का पूर्वानुमान है. इसलिए सभी 38 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. अभी मौसम के विकराल रूप में और वृद्धि होने का पूर्वानुमान है. ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. खासकर, बुजुर्गों और बच्चों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी गई है.
शहरों का तापमान और AQI
| शहर | तापमान अधिककतम/न्यूनतम | AQI |
| पटना | 14.7/12.6 | 108 |
| मुजफ्फरपुर | 13.8/12.1 | 168 |
| गयाजी | 14.8/10.6 | 108 |
| पूर्णिया | 14.6/11.9 | 117 |
| भागलपुर | 14.6/10.9 | 82 |
( नोट- ये आंकड़े मंगलवार के हैं )
जानें न्यू ईयर के दिन कैसा रहेगा मौसम
1 जनवरी यानी न्यू ईयर से लेकर 4 जनवरी तक पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर, खगड़िया, जमुई सहित पूर्वी बिहार के सभी 12 जिलों में घना कुहासा छाया रहेगा. जबकि पटना, गया, पश्चिम चंपारण सहित शेष सभी 26 जिलों में बेहद घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है. इसलिए पूर्वी बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि पश्चिम और मध्य बिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मामूली राहत की बात यह है कि जनवरी के पहले हफ्ते में कोल्ड डे का पूर्वानुमान फिलहाल जारी नहीं हुआ है.
मोतिहारी रहा सबसे ठंडा
अक्सर सर्दियों के सीजन में रात के लुढ़कते तापमान पर सबकी नजर होती है, लेकिन इन दिनों ऐसी स्थिति बनी हुई है कि दिन का तापमान ही एकदम निचले स्तर पर पहुंच चुका है. सोमवार को सबसे सर्द दिन मोतिहारी में दर्ज हुआ. यहां का अधिकतम तापमान 13.5°C दर्ज हुआ. इसके अलावा, अरवल में 13.6°C, 13.7°C मुंगेर, 13.8°C मुजफ्फरपुर और वाल्मीकि नगर, 13.9°C मधुबनी और समस्तीपुर और 14°C मधेपुरा में दर्ज किया गया. इसके साथ ही कुछ जिलों को छोड़कर अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 15°C से नीचे ही बना हुआ है.
रात के तापमान में पहले के मुकाबले थोड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली है. यूं तो बहुत कम जिलों से आंकड़े प्राप्त हुए हैं, लेकिन जिन जिलों के आंकड़े मिले हैं, उसमें सबसे कम न्यूनतम जमा फारबिसगंज में 8.4°C दर्ज हुआ है. शेष सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10°C से ज्यादा दर्ज हुआ है. इसके साथ ही कोहरे में भी राहत मिली है. घने कोहरे की जगह मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज हुआ है. इस वजह से विजिबिलिटी 50 मीटर से बढ़कर 600 मीटर पूर्णिया में दर्ज किया गया है.