आईटीओ के पास रिंग रोड पर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए कार से स्टंट करने वाले पांच लड़कों को आईपी स्टेट थाना पुलिस ने दक्षिण-पूर्व दिल्ली के जामिया नगर इलाके से गिरफ्तार किया है। आईपी स्टेट थाना पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इनके पास से वारदात में इस्तेमाल चार कारें भी जब्त की हैं। आरोपियों की पहचान बटला हाउस, जामिया नगर निवासी अल्मास (21), जोगा बाई एक्सटेंशन, जामिया नगर निवासी सरफराज (26), जाकिर नगर, जामिया नगर निवासी मोहम्मद इमरान कुरैशी (23), जोगा बाई निवासी मोहम्मद शब्बीर (23) और साद अब्दुल्लाह (22) के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्टंट करने के मामले में फिलहाल 12 और आरोपियों की पहचान की गई है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। स्टंट करने में एक दूसरी कार के शामल होने की बात भी की जा रही है।
पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की है। पुलिस को पांचवीं गाड़ी की भी तलाश है। पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया एक्स पर एक वीड़यो वायरल हो रहा था। वीडियो 26 दिसंबर की रात पौने 11 बजे का बताया गया। वीडियो में पांच कारों में सवार करीब 20 युवक आईटीओ से सराय काले खां जाते समय रास्ते में अपनी कार की खिड़कियों और सनरूफ से निकलकर स्टंट कर रहे थे। किसी ने इनके हुड़दंग की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। आईपी स्टेट थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर पांच लड़कों को गिरफ्तार किया। इनसे चार कारें भी जब्त की गईं। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।