Chhatarpur News: फीमेल डॉगी के मालिक डग्गा खंगार ने पूरे मोहल्ले में निमंत्रण देकर सभी को भोजन भी कराया. पशुओं को लेकर ऐसा स्नेह और दुलार कभी-कभार ही देखने को मिलता है, जो लोगों के लिए एक प्रेरणा भी है.
इस उत्सव में महिलाओं ने जहां सोहर गीत गाए, तो वहीं गांव के लोगों ने डीजे के साथ खूब आनंद लिया. डीजे की धुन और आतिशबाजी के साथ पूरे परिवार और मोहल्ले वालों ने जश्न मनाया. एक डॉग के लिए प्रेम और सम्मान का यह अनोखा प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. दरअसल गौरिहार विकासखंड के विदोखर सरबई निवासी डग्गा खंगार ने एक फीमेल डॉगी को पाला था, जिसने कुछ दिनों पहले 6 पिल्लों को जन्म दिया. इसके बाद पशु प्रेमियों का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. फीमेल डॉगी के बच्चों का इंसानों की तरह धूमधाम से बारहों संस्कार और कुआं पूजन मनाया गया. इस दौरान महिलाओं ने सोहर गीत गाते गाते हुए बच्चों को दुलार किया. बता दें कि बुंदेलखंड में बारहों और कुआं पूजन बच्चे के जन्म पर होने वाली एक रस्म है.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
परिवार के अलावा आसपास के लोग भी बारहों संस्कार में झूमने से अपने आप को रोक नहीं सके और ढोल-नगाड़ों और डीजे फ्लोर पर जमकर थिरके. फीमेल डॉगी के मालिक ने पूरे मोहल्ले में निमंत्रण देकर सभी को भोज भी कराया. पशुओं के प्रति ऐसा स्नेह और दुलार कभी-कभार ही देखने को मिलता है. यह लोगों के लिए एक प्रेरणा भी है. इस कार्यक्रम और पशु प्रेम की गांव समेत पूरे जिले में सराहना और चर्चा हो रही है.
कुत्तों से बहुत लगाव रखता है परिवार
सरबई के स्थानीय निवासी देवेंद्र मिश्रा ने कहा कि सरबई की नरहइया बस्ती में डग्गा खंगार ने अपनी फीमेल डॉगी का बारहों संस्कार किया था. साथ ही कुआं पूजन भी किया गया था. डग्गा का परिवार डॉग से बहुत लगाव रखता है. हर साल ही जश्न मनाया जाता है. इस बार किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में अपलोड कर दिया, तो सबको जानकारी मिल गई. वह अपनी बस्ती में ऐसे कार्यक्रम कराते ही रहते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.