महुली। नाथनगर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत धंजवल, मड़हा राजा, काली जगदीशपुर में बीएलओ द्वारा वोटर लिस्ट से नाम काटने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर एडीओ पंचायत कार्यालय में जमकर हंगामा किया। तत्काल सुधार न होने पर धरना प्रदर्शन की भी चेतावनी दी।
एडीओ पंचायत कार्यालय में हंगामा कर रहे ग्राम धंजवल के ग्रामीण अनिल कुमार, अरुण कुमार, आशा, मीरा देवी, सोहन, संजय यादव, हरिओम, वीरेंद्र, ऋतेश, सुंदर यादव, राम अवध जनार्दन, रामकरन आदि का कहना था कि पूर्व की वोटर लिस्ट में उनका नाम मौजूद रहा। फिर भी बीएलओ ने गांव के लगभग 107 लोगों का नाम कटवा दिया है। आरोप है कि अधिकांश को लापता व मृतक दिखाया गया है। नाराज ग्रामीणों ने बताया कि गांव में तैनात बीएलओ घर-घर न जाकर प्रधान के दरवाजे पर बैठकर वोटर लिस्ट तैयार किया है। विपक्षियों का नाम काट दिया है। नाराज ग्रामीणों ने चेताया कि अगर उनका नाम समय रहते जोड़ा नहीं गया तो वह धरना प्रदर्शन कर मतदान का बहिष्कार भी करेंगे। मड़हाराजा निवासी अबरार अहमद, शमसेर आलम आदि ने बताया कि पिछले चुनाव में वह ग्राम पंचायत में वोट दिए थे। इस बार उनके परिवार के दर्जनों नामों को काट दिया गया है। उन्होंने बताया कि तमाम ऐसे नाम मौजूद हैं। जो पिछले एक दशक से मृतक हैं। उनका भी नाम बीएलओ ने नहीं काटा। जिससे तमाम लोग मतदान से वंचित रह जाएंगे। इसी तरह काली जगदीशपुर निवासी ग्राम पंचायत सदस्य नीलम पत्नी धर्मेंद्र ने बताया कि बीएलओ द्वारा उनका भी नाम काट दिया है।
इसी तरह काली जगदीशपुर के ही जावेद ने भी बताया कि वह ग्राम प्रधान के प्रत्याशी हैं। उनका भी नाम वोटर लिस्ट से गायब है। इस तरह बीएलओ द्वारा बड़े पैमाने पर आधा दर्जन से अधिक गांवों में सैकड़ो लोगों का नाम काट दिए। जबकि तमाम मृतक का नाम नहीं काटा गया है।
गांव में भ्रमण के दौरान जानकारी मिली होती तो तुरंत बीएलओ पर कार्रवाई की जाती। फिर भी जिनका नाम कटा है। फॉर्म भरकर जमा कर दें। दोषी बीएलओ की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
– सतीश कुशवाहा, एडीओ पंचायत नाथनगर