पीलीभीत। स्टडी वीजा के नाम पर इंग्लैंड भेजने का झांसा देकर युवक से 9.65 लाख रुपये ठग लिए गए। उसके अंकपत्र में भी हेराफेरी की। रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज और धमकाने का आरोप भी पीड़ित ने लगाया है। कोतवाली पुलिस ने एसपी के आदेश से आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
थाना सुनगढ़ी के नौगवां पकड़िया निवासी मोहम्मद अरबाज ने एसपी के आदेश पर सदर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम सरदार नगर निवासी फैज मलिक से उसके पारिवारिक संबंध थे। फैज मलिक आवास विकास कॉलोनी स्थित एक कंपनी के माध्यम से विदेश भेजने का काम करता था। इसी भरोसे पर उसने स्टडी वीजा से इंग्लैंड जाने के लिए उससे संपर्क किया। आरोप है कि फैज ने इंग्लैंड भेजने के लिए 14 लाख रुपयों की मांग की। इस पर पीड़ित ने फाइल चार्ज और अन्य फीस के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 6.65 लाख रुपये उसे दे दिए। इसके बाद आरोपी ने उसका इंटरव्यू भी कराया।
तीन दिन बाद इंटरव्यू पास होने की बात कहकर 2.50 लाख रुपये और मांगे। पीड़ित ने 30 अगस्त 2024 को ढाई लाख रुपये फैज के बैंक खाते में जमा कर दिए। इसके बाद दो सप्ताह में वीजा आने का आश्वासन दिया गया, लेकिन वीजा नहीं आया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने 50 हजार रुपये और मांगे, जो उसने दे दिए। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी ने उसकी मार्कशीट में भी हेराफेरी कर दी है। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.