Last Updated:
Vastu Plants for Home Positivity: क्या आप जानते हैं कि आपके घर के आसपास लगे पेड़ आपकी किस्मत बदल सकते हैं? पंडित बलदेव भट्ट के अनुसार, पीपल से लेकर बेल और पैय्या तक, ये सात पेड़ केवल लकड़ी के ढांचे नहीं बल्कि साक्षात सुरक्षा कवच हैं. जहां पीपल ऑक्सीजन के साथ बुरी शक्तियों को भगाता है, वहीं बेल का पेड़ घर पर शिव की असीम कृपा बनाए रखता है. जानिए उन पवित्र पेड़ों का रहस्य जो आपके आंगन में खुशहाली, अच्छी सेहत और सकारात्मक ऊर्जा की बारिश कर सकते हैं.
भारतीय परंपरा में पेड़-पौधों का महत्व केवल हरियाली तक सीमित नहीं है, बल्कि इन्हें सौभाग्य और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है. हमारे पूर्वजों ने धर्म और विज्ञान को जोड़कर पेड़ों की पूजा का विधान बनाया था, ताकि हम प्रकृति की रक्षा करें और प्रकृति हमारी. चाहे वह आंगन में लगा तुलसी का पौधा हो या द्वार पर लहराती आम की पत्तियां, ये सभी हमारे जीवन से नकारात्मक ऊर्जा को दूर रखकर खुशहाली का संचार करते हैं. खास तौर पर पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में आज भी इन पेड़ों को घर का रक्षक माना जाता है. आइए जानते हैं उन 7 पवित्र पेड़ों के बारे में जो आपके घर और जीवन को बदल सकते हैं.

आम का पेड़ भारत में अत्यंत शुभ माना जाता है और इसके बिना कोई भी पूजा-पाठ अधूरा है. शादी, गृह प्रवेश या किसी भी मांगलिक कार्य में घर के मुख्य द्वार पर आम की पत्तियों की तोरण (वंदनवार) लगाई जाती है. ऐसी मान्यता है कि आम की पत्तियां घर में प्रवेश करने वाली नकारात्मक ऊर्जा को रोकती हैं और मिठास व खुशहाली लाती हैं. फल देने के साथ-साथ यह पेड़ परिवार में समृद्धि और सौभाग्य का संचार करता है.

पीपल के पेड़ को भारतीय संस्कृति में सबसे ऊंचा स्थान दिया गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पीपल में साक्षात देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए गांवों में आज भी लोग सुबह-शाम इस पर जल चढ़ाते हैं और दीपक जलाते हैं. पंडित बलदेव भट्ट कहते हैं कि जहां पीपल का पेड़ होता है, वहां बुरी शक्तियां कभी पास नहीं आतीं. वैज्ञानिक रूप से भी यह अद्भुत है क्योंकि यह 24 घंटे ऑक्सीजन देता है और वातावरण को पूरी तरह शुद्ध रखता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पहाड़ी क्षेत्रों में ‘पैय्या’ (पदम्) के पेड़ को लेकर अटूट विश्वास है. इसे ‘हिमालयन वाइल्ड चेरी’ भी कहा जाता है. पंडित बलदेव दत्त भट्ट बताते हैं कि लोक परंपरा के अनुसार, अगर यह पेड़ घर के पास हो तो घर हर तरह की बलाओं से सुरक्षित रहता है. उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लोग इसे शुभ मानकर अपने आंगन या घर के आसपास जरूर लगाते हैं. यह पेड़ अपनी सुंदरता और धार्मिक महत्व के लिए पहाड़ की संस्कृति का अभिन्न अंग है.

आंवला का पेड़ धार्मिक और स्वास्थ्य, दोनों ही नजरिए से विशेष महत्व रखता है. आंवला नवमी पर इसकी विशेष पूजा की जाती है और माना जाता है कि इसे घर के पास लगाने से सुख-शांति बनी रहती है. पहाड़ों में श्राद्ध कार्यों में भी इसे अत्यंत आवश्यक माना जाता है. आयुर्वेद के अनुसार, आंवला विटामिन C का खजाना है जो हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है, इसलिए यह पेड़ दैवीय होने के साथ-साथ आरोग्य का भी प्रतीक है.

बेल का पेड़ भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है और इसके बिना शिव की आराधना अधूरी मानी जाती है. शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाना सौभाग्य और मुक्ति का मार्ग माना जाता है. लोगों का विश्वास है कि जिस घर में बेल का पेड़ होता है, वहां स्वयं महादेव की कृपा बनी रहती है और कोई भी नकारात्मक शक्ति प्रवेश नहीं कर पाती. इसके फल भी औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं जो पेट की बीमारियों को जड़ से खत्म करने की ताकत रखते हैं.

तिमल का पेड़ मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों की शान है. इसकी पत्तियां बड़ी और काफी मजबूत होती हैं, जिनका उपयोग पारंपरिक भोज और अन्य कामों में किया जाता है. लोक मान्यताओं के अनुसार, तिमल का पेड़ घर के पास होने से वातावरण शुद्ध रहता है और मन में सकारात्मक विचार आते हैं. यह पेड़ न सिर्फ पर्यावरण को बेहतर बनाता है बल्कि अपनी घनी हरियाली से प्राकृतिक सुंदरता में भी चार चांद लगा देता है.

बड़ या बरगद का पेड़ अपनी विशालता और लंबी उम्र के लिए जाना जाता है. इसे मजबूती और अमरता का प्रतीक माना जाता है, इसीलिए ‘वट सावित्री’ जैसे व्रत में महिलाएं इसकी पूजा कर अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं. यह पेड़ भारी मात्रा में हवा को शुद्ध करता है और अनगिनत पक्षियों को आश्रय देता है. गांवों में इसे दादा-परदादा के समान सम्मान से देखा जाता है, क्योंकि इसकी छांव पीढ़ियों को सुरक्षा का अहसास कराती है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.