हरियाणा में कानून व्यवस्था और समाज पर नकारात्मक असर डालने वाले गानों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 29 गायकों की सूची तैयार की है। पुलिस ने इन गायकों के 67 गानों को आपत्तिजनक करार देते हुए प्रतिबंधित कर दिया है। इन गानों पर बंदूक संस्कृति, अपराध, गैंगस्टरों और कानून का मजाक उड़ाने जैसे आरोप हैं। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) इन गानों को यूट्यूब, अमेजन म्यूजिक, स्पॉटिफाई, गाना और जियो सावन जैसे ऑनलाइन प्लेटफार्म से हटवाने में लगी है।
सबसे ज्यादा मासूम शर्मा के गाने
एसटीएफ की सूची के अनुसार सबसे ज्यादा 19 आपत्तिजनक गाने गायक मासूम शर्मा के हैं। इसके अलावा नरेंद्र भगाना और अमित सैनी रोहतकिया के छह-छह गाने शामिल हैं। आशु ट्विंकल के आठ गाने सूची में हैं। मनीषा शर्मा के सात गाने (सभी युगल गीत) चिह्नित किए गए हैं। हालांकि, प्रतिबंधित होने से पहले ही इन गानों को सोशल मीडिया पर लाखों की संख्या में लोग देख चुके हैं।
एसटीएफ की सूची के अनुसार कोर्ट में गोली नामक गाना खुलेआम कानून को चुनौती देता है। बीते नौ महीने में इसे यूट्यूब पर 3.2 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है। इस गाने के बोल खुलेआम अदालत और न्याय व्यवस्था का मजाक उड़ाते हैं। राहुल पुठी और आशु ट्विंकल का गाया यह गीत गैंगस्टरों का महिमामंडन करता माना गया है। ट्यूशन बदमाशी का जैसे गानों में अपराध को हुनर के रूप में पेश किया गया है। वहीं 60 मुकदमे जैसे गीतों में हथियारों के साथ नायक की छवि गढ़ी गई है, जिसे करोड़ों बार लोग देख चुके हैं। तालिबान जैसे गानों में आतंकी संगठनों से संबंध जताने की बात भी सामने आई है।