जिला मुख्यालय के चौपाटी मैदान में सामाजिक भवन कलार समाज बस्तर संभाग द्वारा 14 दिसंबर को आयोजित युवक–युवती सम्मेलन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह देखा जा रहा है। समाज के युवा नेतृत्व को सशक्त बनाने और सामाजिक एकता को नए आयाम देने वाले इस विशाल आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
कोंडागांव सहित बस्तर संभाग के सभी जिलों में गांव–गांव बैठकों का दौर जारी है, जिनमें समाज के पदाधिकारी, युवा एवं वरिष्ठजन सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। जानकारी मिली है कि बस्तर सांसद महेश कश्यप भी इस सम्मेलन में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति युवा वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और पूरे कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार करेगी। यह परिचय सत्र समाज के योग्य युवाओं को एक मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपना शैक्षणिक, व्यावसायिक और व्यक्तित्व विकास से जुड़ा परिचय देंगे, समाज के बीच अपनी प्रतिभा, योग्यता और भविष्य की दिशा साझा करेंगे और पारंपरिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आधुनिकता का संयोजन प्रस्तुत करेंगे। यह परिचय कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल एवं आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करेगा। समाज में रिश्ते बनाने में यह एक सकारात्मक और सुव्यवस्थित पहल मानी जा रही है।
हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना जताई युवा प्रकोष्ठ जिला इकाई कोंडागांव के अध्यक्ष द्रुपत राज सेठिया ने बताया कि बस्तर संभाग के कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर सभी जिलों में बैठकों के माध्यम से लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। समाज के हर वर्ग का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। अनुमान है कि 5000 से अधिक सामाजिक जन इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन सिर्फ एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के भविष्य निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.