नवादा स्थित विजय बाजार में एक फल विक्रेता के ठेले से 30 किलोग्राम अनार चोरी हो गए। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है। चोर एक ई-रिक्शा पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
फल विक्रेता सिंटू कुमार ने अपनी दुकान के बाहर 30 किलो अनार का एक कार्टून रखा था। चोरों ने मौका पाकर इस कार्टून को उठाया और अपने ई-रिक्शा में रखकर भाग गए। चोरी हुए अनार की अनुमानित कीमत लगभग 3000 रुपए बताई जा रही है।
ई-रिक्शा पर सवार होकर मौके पर पहुंचे
CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो व्यक्ति एक ई-रिक्शा पर सवार होकर मौके पर पहुंचे। उनमें से एक व्यक्ति ने ठेले से अनार का कार्टून उठाया और ई-रिक्शा में रखकर फरार हो गया। दोनों चोरों ने अपने चेहरे ढके हुए थे।
फल विक्रेता सिंटू कुमार ने बताया कि उन्होंने ये अनार फल मार्केट से खरीदे थे। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर चोरों और ई-रिक्शा की तलाश शुरू कर दी है।
ई-रिक्शा से चोरी करने आए दोनों युवकों की पहचान की जा रही
सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने बताया कि कैमरा फुटेज की जांच के आधार पर ई-रिक्शा से चोरी करने आए दोनों युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि विजय बाजार में हुई इस तरह की घटना को अंजाम देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
घटनाओं से व्यापारियों को काफी नुकसान
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि सुबह के समय अक्सर ऐसी चोरियां होती हैं, जब वे अपनी दुकानों के लिए सब्जियां या फल लेकर आते हैं। इन घटनाओं से व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ता है। इस बार सीसीटीवी में तस्वीर कैद होने से उन्हें पुलिस कार्रवाई की उम्मीद है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.