पंजाब में आईटी, साइबर, ऑटो, टेक्सटाइल, एयरोस्पेस, आरएंडडी और एग्रीकल्चर सेक्टर में विदेशी निवेश बढ़ने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान और उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के जापान व दक्षिण कोरिया दौरे के दौरान विदेशी कंपनियों ने पंजाब में निवेश के लिए सकारात्मक रुझान दिखाए। आठ दिन के दौरे में इंडस्ट्रियल रोड शो और बिजनेस समिट के माध्यम से 250 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों से सरकार ने सीधा संपर्क किया। इस दौरान 900 करोड़ रुपये के निवेश एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
मोहाली में बनेगी सिलिकॉन वैली
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इस दौरे के बाद खासे उत्साहित हैं। भगवंत मान ने कंपनियों को 13 से 15 मार्च तक मोहाली में होने वाले प्रगतिशील पंजाब निवेश सम्मेलन का न्योता दिया। उन्हें बताया गया है कि मोहाली में पंजाब सरकार ‘सिलिकॉन वैली’ तैयार कर रही है। इसके लिए जगह भी चिह्नित की जा चुकी है। मोहाली में आईटी, साइबर, एआई और आरएंडडी आधारित उद्योगों के लिए जगह चिन्हित की जा चुकी है। निवेशकों को सुगम एयरपोर्ट कनेक्टिविटी, कुशल युवाओं की फौज, सस्ती रिहायशी सुविधा और 100 किमी के दायरे में औद्योगिक व शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी दी गई।
पसंदीदा निवेश वाला राज्य बनाएंगे: मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जापानी और दक्षिण कोरियाई कंपनियों के पास उच्च-स्तरीय तकनीक है, जबकि पंजाब के पास सबसे युवा और मेहनती टैलेंट है। निवेश सम्मेलन तकनीक और प्रतिभा के बीच समन्वय का अवसर देगा और पंजाब को पसंदीदा निवेश वाला राज्य बनाएगा।
जापान और दक्षिण कोरिया की 250 से अधिक कंपनियों से बातचीत
- जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन (जेबीआईसी) के सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर ओगावा काजूनोरी ने पंजाब के औद्योगिक और स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्टों की संभावनाओं की खोज में रुचि दिखाई।
- आइसन इंडस्ट्री कंपनी लिमिटेड के सीईओ और ईवीपी टोमोनोरी काई व टोरू नकाने ने भविष्य के निर्माण या अनुसंधान एवं विकास अवसरों के लिए पंजाब की संभावनाओं में रुचि दिखाई।
- यामाहा मोटर कंपनी लिमिटेड के ग्लोबल स्ट्रैटेजी मैनेजर, प्रोडक्ट प्लानिंग ग्रुप तनाका हिरोकी और सुजुकी मारी ने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, अनुसंधान व विकास सहयोग और कौशल विकास सेक्टर में निवेश का आश्वासन दिया।
- होंडा मोटर कंपनी लिमिटेड के डिपार्टमेंट मैनेजर तत्सुओ नाकामुरा और आईटीओ कियोशी ने पंजाब में भारतीय साझेदारों के माध्यम से कंपोनेंट निर्माण की संभावनाएं तलाशने की बात कही।
- इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) के दक्षिण एशिया विभाग के डायरेक्टर जनरल यामादा तत्सुओ ने तकनीकी सहयोग और क्षमता-निर्माण कार्यक्रमों, विशेष रूप से फसली विविधता में पंजाब के साथ काम करने में रुचि दिखाई।
- जेआईसीए के साथ विचार-विमर्श शहरी बुनियादी ढांचे, जल प्रबंधन और कौशल विकास में संभावित सहयोग पर केंद्रित था।
- टोरे इंडस्ट्रीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हाजीमे इशी ने पंजाब के ऑटो और एयरो स्पेस सेक्टरों के लिए तकनीकी तथा टेक्सटाइल क्षेत्र में रुचि दिखाई।
- फुजित्सु लिमिटेड के टेक्नोलॉजी बिजनेस मैनेजमेंट यूनिट के प्रमुख जूंगोओकाई ने डिजिटल गवर्नेंस सॉल्यूशंस में भावी प्रोजेक्टों के लिए मोहाली का चयन किया।
पोर्टेबल गोबर गैस व पराली प्रबंधन प्लांट लगाने पर चर्चा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि पोर्टेबल गोबर गैस व पराली प्रबंधन के लिए प्लांट लगाने की योजना पर भी चर्चा की गई। वहां बड़े-बड़े बॉयलरों में पराली की खपत हो रही है जबकि गोबर निस्तारण के लिए पोर्टेबल गैस प्लांट हैं। लुधियाना का बुड्ढा नाला में भी गोबर की सबसे बड़ी समस्या है। इस समस्या के समाधान के लिए विदेशी तकनीक का सहारा लेंगे। प्रदेश में हर साल करीब 20 मिलियन टन पराली होती है। हमने संबंधित कंपनी को ऑफर किया है वे अपने प्लांट यहां लगाएं, उन्हें पर्याप्त पराली मिलेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.