बलौदाबाजार में देर रात हुए एक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। तेलासी गांव के पास एक हाईवा ने सड़क किनारे खड़ी क्रूजर गाड़ी को टक्कर मार दी, जिसमें 6 लोग सवार थे। मामला गिधपुरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, सभी एक ही परिवार के थे, गिधपुरी के तेलासी गांव के रहने वाले थे। एक बीमार सदस्य का झाड़-फूंक कराने जा रहे थे। घटना सोमवार (29 दिसंबर) रात करीब 2 बजे की है।
हादसे में एक 18 साल के लड़के की भी मौत हुई है।

झाड़ फूंक कराने बैगा के पास जा रहा था परिवार
घायलों ने बताया कि वे अपनी 17 साल की बेटी सुषमा कमल की तबीयत खराब होने के कारण खपरी गांव में एक बैगा (झाड़-फूंक करने वाले) के पास जा रहे थे। सुषमा को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी थी।
क्रूजर सड़क से उतरकर खेत में जा पलटी
परिवार की क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। कुछ सदस्य गाड़ी से उतर गए थे, जबकि अधिकांश अभी भी गाड़ी में बैठे थे। इसी दौरान, रेत लेने चिखली घाट की ओर जा रही एक हाईवा ने पीछे से खड़ी क्रूजर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर सड़क से उतरकर खेत में जा पलटी।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को निकालने में मदद की और घटना की सूचना पुलिस को दी।

मृतकों और घायलों की पहचान
मृतकों की पहचान शांति बाई कमल (70 साल) और युगल किशोर कमल (18 साल) के रूप में हुई है। घायलों में ज्योति कमल (25), नेहा कमल (21), संतोष, भूषण, जोगेंद्र (21) और उमा भारती (21) शामिल हैं। इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.