सीवान में मनमोहित ज्वेलर्स की दुकान पर मंगलवार शाम 18 लाख रुपए के सोने–चांदी के गहने की लूट हुई है। ज्वेलरी लूटने के बाद बदमाशों ने मौके पर 5 राउंड तक हवाई फायरिंग की और बाइक से फरार हो गए। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के खोड़ीपाकड़ गांव में हुई है।
दुकानदार सुमित कुमार ने बताया कि, ‘रोज की तरह मैं दुकान पर बैठा था और एक ग्राहक से बात कर रहा था, तभी 6 नकाबपोश अचानक दुकान के बाहर और अंदर फैल गए। 2 अपराधी सड़क पर निगरानी में खड़े थे, 2 मेन गेट पर और 2 दुकान के भीतर घुसकर हथियार तान दिए। गहने सौंपने की धमकी दी और इनकार करने पर गोली मारने की बात कही। भय के माहौल में अपराधियों ने लाखों के जेवर समेटे और फायरिंग करते हुए चले गए।’
मौके पर पहुंची पुलिस, जुटी लोगों की भीड़।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना के बाद सारण रेंज के DIG नीलेश कुमार, सीवान के प्रभारी SP विक्रम सिहाग और महाराजगंज SDPO अमन कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है और पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है, लेकिन स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत और नाराजगी स्पष्ट दिख रही है।
कुछ दिन पहले भी हुई थी लूट
कुछ दिन पहले रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के टारी बाजार में भी ज्वेलर्स की दुकान पर दिनदहाड़े भारी लूट हुई थी। पुलिस ने दावा किया कि उसने 24 घंटे के भीतर कांड का उद्भेदन कर लिया, लेकिन व्यवसायियों ने इसे संदेहास्पद बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। उनका कहना है कि लगातार घटनाओं ने पुलिस की “तत्काल कार्रवाई” और “कड़ी निगरानी” के तमाम दावों को बड़ी चुनौती दी है।
पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे अपराधी
बिहार में कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी लेने के बाद गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि “अब अपराधी अपराध करने की हिम्मत नहीं कर पाएंगे”, लेकिन सीवान की सड़कों पर अपराधियों का आतंक उनके इस दावे को खुली चुनौती देता नजर आ रहा है। लगातार हो रही बड़ी घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि अपराधी न केवल बेखौफ हैं, बल्कि पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं।
स्थानीय लोग पूछ रहे हैं—
“कहां है पुलिस गश्त? कहां है सुरक्षा? आखिर कब तक व्यापारी और आम लोग ऐसे ही लूट और फायरिंग का सामना करते रहेंगे?”
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.