असरगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय मिल्क जोरारी में गुरुवार को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के दौरान अफरातफरी मच गई। दवा खाने के बाद 14 छात्र छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को मध्याह्न भोजन के बाद फाइलेरिया और एबंडाजोल की दवा दी गई थी। दवा लेने के कुछ देर बाद कई बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। कुछ बच्चे बेहोश भी हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही असरगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस के साथ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर परवेज अख्तर स्कूल पहुंचे। प्रभावित बच्चों को तुरंत अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टर निधि कुमारी ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। कुछ समय बाद चिकित्सकों की निगरानी में सभी बच्चों की हालत सामान्य हो गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल यादव ने बताया कि दवा खिलाने के बाद कुछ बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई थी। अब सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
दवा वितरण के दौरान दूसरे स्कूल में भी हंगामा
इधर बच्चों की तबीयत खराब होने की खबर फैलते ही मकवा पंचायत के प्राथमिक विद्यालय सरौन में भी फाइलेरिया दवा वितरण के दौरान हंगामा हो गया। गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने आशा कार्यकर्ता पिंकू कुमारी और कुमारी प्रतिमा के साथ गाली गलौज की और मारपीट की कोशिश की। स्थिति की सूचना मिलते ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने तारापुर थाने को जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अभियान में सहयोग करें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.